शासकीय जमीन की फर्जी रजिस्ट्री मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, कापू पुलिस ने उजीतराम को भेजा जेल

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस की कार्रवाई जारी, फर्जी दस्तावेजों से सरकारी भूमि का निजी नाम पर कराया गया था अंतरण
रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कापू पुलिस को शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण और बिक्री के मामले में एक और सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के जरिए निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कराकर बिक्री कराने के मामले में आरोपी उजीतराम (52 वर्ष), पिता नान्हीराम, निवासी ग्राम रायमेर, थाना कापू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर तैयार किए गए थे फर्जी दस्तावेज
मामले की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई, जब तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल ने थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों में कूटरचना कर खसरा बंटाकन एवं राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया था। इसके बाद बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टे तैयार कर दलालों के माध्यम से उक्त भूमि की रजिस्ट्री कराई गई।
जांच में सामने आया कि तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किया गया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि का अन्य व्यक्तियों के पक्ष में अवैध अंतरण किया गया।
पहले भी हो चुकी है कई आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120(बी) भादवि के अंतर्गत तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, भूमि विक्रेता उजीतराम तथा अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो एवं लालबहादुर यादव के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान 2 सितंबर 2026 को पुलिस ने फरार आरोपी तत्कालीन पटवारी राकेश साय (45 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप एवं प्रिंटर भी जब्त किए गए थे।
इसके बाद मामले में शामिल अगस्तुस खलखो (43 वर्ष), निवासी पोराडाही को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में अनुप्रमाणक साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की थी। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
मुखबिर की सूचना पर गांव से पकड़ा गया उजीतराम
इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी उजीतराम अपने गांव में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज की गई थी। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों और अवैधानिक तरीके से भूमि का अंतरण किया गया। आरोपी द्वारा भूमि की बिक्री के लिए मुक्तारनामा कैलाश जेठवानी को दिए जाने तथा उसके माध्यम से बिक्री कराए जाने की जानकारी भी सामने आई।
विवेचना में आरोपी की संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
शेष आरोपियों की तलाश जारी
कापू पुलिस द्वारा शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण और रजिस्ट्री से जुड़े इस मामले में शेष फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।



