लैलूंगा पुलिस की पहल: ग्राम नारायणपुर में जन चौपाल लगाकर महिलाओं को सिखाए सुरक्षा के गुर

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में जिले भर में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह और 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के तहत आज थाना लैलूंगा द्वारा ग्राम नारायणपुर में ‘पुलिस जन चौपाल’ का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी लैलूंगा, उपनिरीक्षक श्री गिरधारी साव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया।
जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नए कानूनों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों को कठोर सजा और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के प्रावधान कड़े किए गए हैं। साथ ही, उन्होंने ‘पीड़ित क्षतिपूर्ति राशि’ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के महत्व को बताते हुए पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। श्री साव ने कहा, “सड़क दुर्घटना में होने वाली मौत एक परिवार को उजाड़ देती है, इसलिए बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं और शराब पीकर वाहन चलाने वालों से दूरी बनाएं।” इसके अलावा, क्षेत्र में शराब बंदी के लिए महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने नशा मुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मानव तस्करी, गौवंश तस्करी और अवैध धान परिवहन जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पुलिस ने ग्रामीणों को बाहरी राज्यों में ऊंचे वेतन के लालच में न फंसने की सलाह दी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और एक सुरक्षित समाज का निर्माण करना रहा।



