Latest News

तलईपल्ली परियोजना विवाद सुलझा, ग्रामीणों ने समाप्त की अनिश्चितकालीन हड़ताल

तलईपल्ली परियोजना विवाद सुलझा, ग्रामीणों ने समाप्त की अनिश्चितकालीन हड़ताल

घरघोड़ा/रायगढ़, 21 फरवरी 2026। एनटीपीसी लिमिटेड की तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना से प्रभावित आठ गांवों के ग्रामीणों और प्रबंधन के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया। शुक्रवार को ग्राम तलईपल्ली के धरना स्थल पर प्रशासन, एनटीपीसी प्रबंधन और प्रभावित ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई। अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ग्रामीणों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एनटीपीसी की ठेका कंपनियों में प्रभावित ग्रामवासियों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाएगी। इस विषय पर शनिवार को एसडीएम ने संबंधित कंपनियों के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर विस्तृत चर्चा की और स्थानीय युवाओं को अधिकतम अवसर देने के निर्देश दिए। पुनर्वास प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से प्रभावित गांवों में विशेष कैंप आयोजित करने पर भी सहमति बनी, जहां पटवारी स्वयं उपस्थित रहकर ग्रामीणों के आवेदन और समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे।

ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही पुनर्वास मुआवजे के लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने पर भी सहमति बनी। तेंदूपत्ता से जुड़े विषयों पर शासन या न्यायालय तक अपनी बात पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

इस बैठक में तहसीलदार, थाना प्रभारी घरघोड़ा तथा एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की सक्रिय भूमिका और सकारात्मक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। शनिवार को हुई फॉलो-अप बैठक में रोजगार के मुद्दे पर कंपनियों को सख्त निर्देश दिए गए, जिससे क्षेत्र में शांति और विकास की नई उम्मीद जगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button